Monday, November 16, 2009

मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा विभिन्न सम्मानों की घोषणा

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग ने शिक्षा, संगीत और पटकथा लेखन आदि के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने सामाजिक सद्भाव, समरसता, सुगम संगीत, निर्देशन, अभिनय, पटकथा एवं गीत लेखन विधाओं के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित करने की घोषणा की है। वर्ष 2009-10 के लिए सामाजिक सद्भाव, समरसता और श्रेष्टतम उपलब्धियों के लिए स्थापित महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान, शिक्षा के क्षेत्र में समग्र रचनात्मक अवदान, सृजनात्मक एवं श्रेष्ठ उपलब्धियों के लिए महर्षि वेदव्यास राष्ट्रीय सम्मान, सुगम संगीत के क्षेत्र में स्थापित लतामंगेशकर सम्मान एवं निर्देशन, अभिनय पटकथा एवं गीत लेखन विधाओं के लिए दिए जाने वाले राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की घोषणा की गई है। बेल्लूर मठ में स्थापित रामकृष्ण मिशन को इस वर्ष का महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान, नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान विद्या भारती का महर्षि वेदव्यास राष्ट्रीय सम्मान, हिन्दी सिनेमा के प्रख्यात संगीतकार श्री रवि को वर्ष 2008-09 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान और स्व. गुलशन बावरा को वर्ष 2008-09 के राष्ट्रीय किशोर सम्मान से विभूषित किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि इन सम्मानों के तहत दो-दो लाख रूपये की आयकर मुक्त राशि, सम्मान पट्टिका, शाल व श्रीफल विभाग द्वारा दिया जाजा है।
उक्त पुरस्कारों और सम्मानों की जानकारी देते हुए प्रदेश के संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि सम्मान संबंधी सभी निर्णय राज्य शासन द्वारा गठित चयन समिति के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया है। महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान की चयन समिति में सर्वश्री नारायण प्रसाद गुप्ता, रमेशचन्द्र अग्रवाल, ललित सुरजन, प्रभात कुमार भट्टाचार्य और राजेन्द्र कोठारी शामिल थे। गौरतलब है कि इस सम्मान से विभूषित होने वाली संस्था रामकृष्ण मिशन वर्ष 1909 से पंजीकृत है और विश्व के अनेक देशों में संस्था की शाखाएं शिक्षा, चिकित्सा एवं समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है।
महर्षि वेदव्यास राष्ट्रीय सम्मान की चयन समिति में सर्वश्री सच्चिदानंद जोशी, प्रो. हीराराल शुक्ल, श्री जगदीश तोमर, श्री कृष्ण कुमार अष्ठाना एवं राजीव माहन गुप्त शामिल थे। शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान विद्या भारती को यह सम्मान प्राप्त हुआ है। विद्या भारती, शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत सबसे बड़ा गैर शासकीय संस्थान है। लक्ष्यद्वीप और मिजोरम प्रांतों के साथ ही भारत के 56 प्रांतीय और क्षेत्रीय समितियां विद्या भारती से सम्बद्ध हैं। विद्या भारती के अंतर्गत 13 हजार से अधिक शिक्षण संस्थाओं में 74 हजार के मार्गदर्शन में 17 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा प्रापत कर रही हैं।
इसी प्रकार राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान की चयन समिति में सुश्री भावना सोमैया, सर्वश्री नितिन मुकेश, ओम थानवी और रवीन्द्र जैन शामिल थे। इस सम्मान से विभूषित होने वाले प्रख्यात सिने-संगीतकार श्री रवि, बीसवीं सदी के छठवें दशक में सक्रिय एक ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने अपने समय का श्रेष्ठ और कालजयी संगीत दिया। श्री रवि की चर्चित फिल्मों में -दिल्ली का ठग, चैदहवीं का चांद, घंूघट, तराना, नजराना, चायना टाउन, आज और कल, गुमराह, काजल, खनदान, वक्त, फूल और पत्थर, औरत, हमराज, आंखें, नील कमल, एक फूल दो माली आदि शामिल हैं।
संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने के अनुसार वर्ष 2008-09 के राष्ट्रीय किशोर कुणाल सम्मान से विभूषित होने वाले दिवंगत गीतकार स्व. गुलशन बावरा ने उपकार फिल्म के लिए मेरे देश की धरती जैसा यादगार गीत लिखा था। उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण फिल्मों के लिए मधुर गीत की रचना की है जिसमें जंजीर, दुल्हा-दुल्हन, विश्वास, जाने-अनजाने, कस्मे वादे, सत्ते पे सत्ता, अगर तुम न होते, पवित्र पापी आदि फिल्में शामिल हैं। स्व. गुलशन बामरा का हाल में निधन हो गया। चयन समिति द्वारा निर्णय लिए जाते समय वे जीवित थे। 13 अक्टूबर को खंडवा में आयोजित समारोह में यह सम्मान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अंजु मेहता प्राप्त करेंगी।

डाॅ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय पुरातत्व सम्मान प्रो. बी.बी. लाल को

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने विभिन्न पुरस्कारों और सम्मानों की श्रृंखला में एक सम्मान की घोषणा की है। राज्य शासन के संस्कृति और जनसंपर्क मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने डाॅ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय पुरातत्व सम्मान की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि पुरातत्व के संरक्षण एवं पुरातात्विक संस्कृति के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्ट प्रतिभा को सम्मानित और प्रोत्साहित करने के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा यह सम्मान दिया जाता है। वर्ष 2008-09 के लिए यह सम्मान सुप्रसिद्ध पुरातत्वविद् प्रो. बी.बी. लाल को देने का निर्णय किया गया है। राज्य शासन द्वारा इस सम्मान के तहत 2 लाख रू. की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।
राज्य शासन ने सम्मान के लिए एक समिति का गठन किया गया था। इस चयन समिति में सुप्रसिद्ध पुरातत्वविद् प्रो. डी.एन. त्रिपाठी, प्रो. आर. सी. अग्रवाल, और डाॅ. बी. आर. मणि थे। चयन समिति ने सर्व सम्मति से प्रो. बी.बी. लाल का चयन इस सम्मान के लिए किया है। प्रो. लाल ने पुरातत्व, प्राच्यविद्या एवं भारतीय संस्कृति तथा परंपरा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भारत सरकार ने पूर्व में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित कर चुकी है। 1921 में उत्तरप्रदेश के झांसी में जन्मे प्रो. लाल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक रह चुके हैं। पुरातत्व से संबंधित अनेक शोधपरक ग्रंथों की रचना प्रो. लाल ने की है, इन ग्रंथों में - शिशुपाल गढ़ 1948: एन अर्ली हिस्टोरिकल फोर्ट इन इस्टर्न इंडिया, बीरभानपुर: माइक्रोलिथिक साइट इन द दामोदर वैली, इंडियन आर्कियाॅलोजी सिन्स इंडिपेन्डेंस, द आर्लिएस्ट सिविलाइजेशन आॅफ साउथ एशिया आदि पुसतकें महत्वपूर्ण हैं।

No comments: